रायपुर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा की अध्यक्षता में जिला संगठन आयुक्तों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
राज्य मुख्य आयुक्त खालसा ने सभी विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान राष्ट्रगीत का अनिवार्य रूप से गायन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संगठन के अंशदान की राशि 31 अगस्त तक अनिवार्य रूप से जमा कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में दल संचालन के लिए कम से कम एक बेसिक स्काउट मास्टर एवं एक गाइड कैप्टन प्रशिक्षित होना आवश्यक है। साथ ही राज्य स्तर पर प्रत्येक जिले का भ्रमण कर स्काउट-गाइड गतिविधियों की समीक्षा किए जाने की जानकारी भी दी।
उन्होंने ओवायएमएस पंजीयन कार्य को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक जिले में कार्यशाला आयोजित करने तथा प्रत्येक विकासखंड में एक-एक समन्वयक नियुक्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रत्येक जिला एवं विकासखंड स्तर पर वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित करने तथा उसमें समाज एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राज्य मुख्य आयुक्त ने सभी जिला संगठन आयुक्तों को एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ के साथ समन्वय बनाए रखने तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों को राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशासन का सहयोग करने के लिए तैयार रखने की बात कही।
बैठक के दौरान इंदरजीत सिंह खालसा के राष्ट्रीय वयस्क स्काउटिंग समिति के सदस्य के रूप में मनोनीत होने पर उनका पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया गया। बैठक के अंत में उन्होंने सभी जिला संगठन आयुक्तों से संगठन की गतिविधियों को अधिक प्रभावी, अनुशासित एवं सेवा-भावना के साथ संचालित करने का आह्वान किया।
