डीसीपी यातायात अर्चना झा ने अतिक्रमण न करने एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
रायपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से डीसीपी यातायात अर्चना झा के निर्देशानुसार यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर एवं नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा पचपेड़ी नाका पुजारी पार्क क्षेत्र तथा पंडरी स्थित कपड़ा मार्केट मंडी गेट में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक मार्ग, सड़क एवं फुटपाथ पर अवैध रूप से ठेले, गुमटियां एवं अन्य अस्थायी व्यवसाय संचालित कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई। सड़क पर सामान फैलाकर आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले दुकानदारों को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए तथा नियमानुसार कार्यवाही करते हुए मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि आम नागरिकों, पैदल यात्रियों एवं वाहन चालकों को निर्बाध एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
कार्यवाही के दौरान व्यापारियों एवं अतिक्रमणकर्ताओं को समझाइश देते हुए बताया गया कि सड़क एवं फुटपाथ सार्वजनिक उपयोग की संपत्ति है, जिस पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न केवल यातायात को प्रभावित करता है बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाता है। सभी संबंधितों को भविष्य में पुनः अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्यवाही किए जाने से अवगत कराया गया।
अभियान के बाद संबंधित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था पहले की अपेक्षा अधिक व्यवस्थित एवं सुचारु रही। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, वाहन चालकों एवं राहगीरों ने इस कार्यवाही का स्वागत करते हुए नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाने की आवश्यकता व्यक्त की, जिससे शहर की सड़कें अतिक्रमण मुक्त रहें और आमजन को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके।
डीसीपी यातायात अर्चना झा ने सभी नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे सड़क, फुटपाथ एवं सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा शहर की बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। यातायात पुलिस एवं नगर निगम द्वारा भविष्य में भी ऐसे संयुक्त अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे, ताकि रायपुर में सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं जाम-मुक्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
