रायपुर में ई-रिक्शा की टक्कर से 7वीं का छात्र गंभीर घायल, चालक मौके से फरार

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के आमापारा क्षेत्र में सड़क हादसे में कक्षा 7वीं का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे एक अज्ञात ई-रिक्शा ने सड़क पर गिरे छात्र को कुचल दिया और चालक मौके से फरार हो गया। घायल छात्र का इलाज मेकाहारा अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र विवेकानंद आश्रम के पीछे गली नंबर-8 का निवासी है और आरडी तिवारी स्कूल, आमापारा में कक्षा 7वीं का छात्र है। छात्र ने पुलिस को बताया कि 23 जुलाई की रात करीब 8 बजे वह साइकिल से घर लौट रहा था। वैनजेलो दुकान के पास अचानक उसकी साइकिल की चेन उतर गई, जिससे संतुलन बिगड़ने पर वह सड़क पर गिर गया।

इसी दौरान आमापारा चौक की ओर से आ रहे एक अज्ञात इलेक्ट्रिक ई-रिक्शा ने छात्र को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय आजाद तिराहा की ओर फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल छात्र की मदद की और उसके परिजनों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही छात्र के पिता मौके पर पहुंचे और बेटे को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल लेकर गए। इसके बाद परिजनों ने अज्ञात ई-रिक्शा चालक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान होते ही उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।