लोक कला जत्था घोटाले में EOW की कार्रवाई, धमतरी के मेडिकल कारोबारी के यहां छापा

Follow Us

धमतरी। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने शुक्रवार सुबह धमतरी शहर के नया बस स्टैंड स्थित अनिल मेडिकल स्टोर पर छापेमार कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से शहर के व्यापारियों और मेडिकल कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई वर्ष 2004 के चर्चित लोक कला जत्था योजना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संचालन में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में की गई है। जांच के दौरान अनिल मेडिकल की कथित संलिप्तता और वित्तीय लेन-देन के संबंध में जानकारी मिलने के बाद EOW ने यह कार्रवाई की।

EOW की टीम सुबह तड़के ही मेडिकल स्टोर पहुंची और दुकान को अपने कब्जे में लेकर कई घंटों तक दस्तावेजों की गहन जांच की। इस दौरान संचालकों से पूछताछ भी की गई।

कार्रवाई के बाद टीम कई महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज अपने साथ लेकर रवाना हुई। माना जा रहा है कि जब्त दस्तावेजों की जांच से लोक कला जत्था घोटाले से जुड़े कई नए तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल EOW मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।