कांकेर। छत्तीसगढ़ की महिला बाइकिंग कम्युनिटी ‘मोटो क्वींस’ की 35 महिला राइडर्स तीन दिवसीय बस्तर भ्रमण पर निकली हैं। इस अभियान का उद्देश्य बस्तर की संस्कृति, पर्यटन और बदलते बस्तर की सकारात्मक छवि को प्रदेशभर में पहुंचाने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश देना है।
मोटो क्वींस की सदस्य व उत्तर बस्तर कांकेर की प्रतिनिधि वाणी पिल्लई ने बताया कि इस यात्रा में सरगुजा, बिलासपुर, भिलाई, रायपुर, धमतरी, उत्तर बस्तर कांकेर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से 35 महिला राइडर्स शामिल हुई हैं। सभी राइडर्स बस्तर की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रा में हम आज कांकेर से निकलेंगे व आज की रात कोंडागांव में विश्राम करेंगे ,फिर एक दिन का प्रवास करने के बाद दल दंतेवाड़ा पहुंचेगा। इसके पश्चात जगदलपुर, चित्रकोट जलप्रपात सहित बस्तर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया जाएगा। यह तीन दिवसीय यात्रा 26 जुलाई को संपन्न होगी।
राइडर्स ने कहा कि उनका उद्देश्य समाज को सड़क सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा सुरक्षित और बदलते बस्तर का संदेश देना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बस्तर आएं, यहां की संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों को देखें तथा प्रदेश के इस खूबसूरत अंचल को नए नजरिए से जानें। “आओ, चलो देखें… बस्तर बदल रहा है।”

