नीट विवाद पर राहुल गांधी का शिक्षा मंत्री पर निशाना, इस्तीफे की मांग; सरकार-CJP वार्ता में तीन प्रमुख मांगें

Follow Us

नई दिल्ली। नीट परीक्षा से जुड़े विवाद और छात्रों के प्रदर्शन के बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने घायल छात्रों से मुलाकात की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। मीडिया से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है और इसकी जिम्मेदारी शिक्षा मंत्रालय पर है। राहुल गांधी एक घायल छात्र को अपने साथ लेकर मीडिया के सामने आए। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों को गंभीर चोटें आईं और एक छात्र की आंख की रोशनी भी प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जवाबदेही तय होनी चाहिए और शिक्षा मंत्री को पद छोड़ देना चाहिए।

इस बीच संसद में भी नीट परीक्षा और पेपर लीक के मुद्दे पर विपक्ष और सरकार के बीच तीखी बहस जारी है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष को सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलने देना चाहिए। उधर, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों के बीच कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में दूसरे दौर की बैठक हुई। बैठक में CJP ने अपनी तीन प्रमुख मांगें सरकार के सामने रखीं। इनमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई कार्रवाई के लिए सरकार की माफी और प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की मांग शामिल है।

बैठक के बाद CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रंका ने दावा किया कि सरकार ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर विचार के लिए समय मांगा है। वहीं, छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने और प्रभावित परिवारों को मुआवजे के मुद्दे पर सकारात्मक संकेत मिलने की बात भी कही गई। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने स्पष्ट किया कि जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, तब तक जंतर-मंतर पर पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।