रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित सख्त कदमों का स्वागत करते हुए कांग्रेस और ‘इंडी गठबंधन’ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का उद्देश्य समस्या का समाधान नहीं, बल्कि देश में भ्रम और अराजकता फैलाना था।
किरण सिंह देव ने कहा कि केंद्र सरकार ने छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट, दोषियों के लिए 5 से 10 वर्ष की कड़ी सजा, सख्त जमानत प्रावधान और दोषी पाए जाने पर संबंधित कोचिंग संस्थानों को बंद करने जैसे कठोर प्रावधानों वाला कानून तैयार करने की दिशा में कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की सकारात्मक पहल पर भरोसा जताते हुए सोनम वांगचुक ने भी अपना अनशन समाप्त कर दिया, जो सरकार की संवेदनशीलता और समाधान के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर रहे थे। उनका कहना था कि विपक्ष को छात्रों के भविष्य या न्याय से कोई सरोकार नहीं है, बल्कि वे केवल असंतोष का माहौल बनाकर राजनीतिक लाभ लेना चाहते थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और पेपर लीक जैसे मामलों में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि देश के युवा यह समझ चुके हैं कि उनके भविष्य के लिए कौन काम कर रहा है और कौन केवल राजनीति कर रहा है।
