आइची-नागोया। एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट के रोमांच को लेकर फैंस का उत्साह बढ़ गया है। जापान में होने वाले इस टूर्नामेंट का ड्रॉ और शेड्यूल जारी हो चुका है, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा भारत और पाकिस्तान के संभावित मुकाबले को लेकर है। ड्रॉ के अनुसार, भारत और पाकिस्तान की पुरुष टी-20 टीमें अलग-अलग हिस्सों में रखी गई हैं। दोनों टीमों को टॉप सीड मिलने के कारण सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है। ऐसे में लीग या शुरुआती नॉकआउट मुकाबले में दोनों का सामना नहीं होगा। अगर भारत और पाकिस्तान अपनी-अपनी क्वार्टर फाइनल बाधा पार कर लेते हैं, तभी क्रिकेट प्रेमियों को यह हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा।
दोनों की भिड़ंत की संभावना सिर्फ सेमीफाइनल या फाइनल में बन रही है। महिला क्रिकेट में भी कुछ ऐसा ही समीकरण है। भारतीय महिला टीम सीधे क्वार्टर फाइनल से शुरुआत करेगी, जहां उसका सामना मेजबान जापान से होगा। जीत हासिल करने पर भारत का मुकाबला आगे बांग्लादेश या चीन से हो सकता है। एशियन गेम्स में क्रिकेट चौथी बार शामिल किया गया है। इस बार सभी मुकाबले टी-20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे और इन्हें अंतरराष्ट्रीय दर्जा प्राप्त होगा। महिला प्रतियोगिता 17 से 22 सितंबर 2026 तक, जबकि पुरुष वर्ग के मुकाबले 24 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होंगे।
