अहमदाबाद। अदाणी ग्रुप के एयरलाइन सेक्टर में उतरने की चर्चाओं पर अब विराम लग गया है। अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) ने उन मीडिया रिपोर्ट्स और बाजार में चल रही अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि समूह जल्द ही अपनी नई एयरलाइन शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
कंपनी के प्रवक्ता ने बयान जारी करते हुए कहा कि, अदाणी एंटरप्राइजेज एयरलाइन कारोबार में प्रवेश करने की किसी भी योजना पर विचार नहीं कर रही है। कंपनी ने वायरल हो रही खबरों को तथ्यहीन और गलत बताते हुए कहा कि ऐसी रिपोर्ट्स का कोई आधार नहीं है। गौरतलब है कि, अदाणी समूह का विमानन क्षेत्र में बड़ा निवेश है। अदाणी एयरपोर्ट्स देश के कई प्रमुख हवाईअड्डों का संचालन कर रहा है और अब कंपनी एयरपोर्ट के आसपास आधुनिक सुविधाओं से लैस एकीकृत एयरपोर्ट सिटी विकसित करने की योजना पर काम कर रही है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पहले चरण में पांच राज्यों के छह हवाईअड्डों के आसपास 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित है। इसके तहत मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर और गुवाहाटी में बड़े स्तर पर शहरी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। योजना के अनुसार एयरपोर्ट सिटी में होटल, रिटेल स्टोर, मनोरंजन केंद्र, कार्यालय, कन्वेंशन सेंटर और अन्य व्यावसायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। कंपनी का लक्ष्य यात्रियों और कारोबारियों को एयरपोर्ट से जुड़ी एक आधुनिक और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराना है। अदाणी समूह ने साफ कर दिया है कि फिलहाल उसका फोकस एयरलाइन शुरू करने के बजाय एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और उससे जुड़े विकास कार्यों पर है।
