शेयर बाजार में ‘ब्लैक फ्राइडे’ का कहर, कुछ ही मिनटों में निवेशकों के 4 लाख करोड़ रुपये स्वाहा

Follow Us

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार का दिन निवेशकों के लिए भारी नुकसान लेकर आया। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में तेज बिकवाली देखने को मिली, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों दबाव में आ गए। कुछ ही मिनटों में बाजार की बड़ी गिरावट ने निवेशकों की संपत्ति को करीब 4 लाख करोड़ रुपये तक कम कर दिया। बाजार खुलते ही चौतरफा बिकवाली का असर दिखाई दिया। बीएसई का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा टूटकर 75,535 के निचले स्तर तक पहुंच गया। वहीं, एनएसई का निफ्टी 50 भी करीब 250 अंकों की गिरावट के साथ 23,619 के स्तर पर फिसल गया।

गिरावट का असर केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रहा। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी भारी दबाव देखने को मिला। निवेशकों ने जोखिम वाले शेयरों से दूरी बनाई, जिसके चलते बाजार में घबराहट का माहौल बन गया। शुरुआती कारोबार में आई इस तेज गिरावट से बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण करीब 477 लाख करोड़ रुपये से घटकर 473 लाख करोड़ रुपये रह गया। यानी कुछ ही समय में निवेशकों की संपत्ति में लगभग 4 लाख करोड़ रुपये की कमी आ गई। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक संकेतों, निवेशकों की सतर्कता और भारी मुनाफावसूली के कारण बाजार पर दबाव बढ़ा है। हालांकि, आने वाले कारोबारी सत्रों में बाजार की दिशा पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों का असर देखने को मिल सकता है।