जांजगीर-चांपा। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन में बलवा (रायट कंट्रोल) मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक (IPS) विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में अधिकारियों और पुलिस जवानों को भीड़ नियंत्रण, आपात स्थिति से निपटने और त्वरित कार्रवाई का प्रशिक्षण दिया गया। मॉक ड्रिल के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने जवानों को निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था की ड्यूटी के दौरान भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता, संयम और अनुशासन बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस बल को तत्काल और प्रभावी कार्रवाई के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। साथ ही आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
अभ्यास के दौरान पुलिस कर्मियों को दंगाई गतिविधियों पर नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा बलवा नियंत्रण में इस्तेमाल होने वाले सुरक्षा उपकरणों और आवश्यक सुरक्षा उपायों का भी प्रदर्शन किया गया। पुलिस विभाग का उद्देश्य इस मॉक ड्रिल के माध्यम से जवानों की कार्यकुशलता, आपसी समन्वय और आपदा व आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को और मजबूत करना है। अभ्यास के दौरान पुलिस जवानों ने विभिन्न परिस्थितियों में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का सफल प्रदर्शन किया।
