GGU ने BA-LLB 6th सेमेस्टर री-एग्जाम का फैसला लिया वापस, छात्रों के विरोध के बाद नोटिफिकेशन रद्द

Follow Us

बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) ने BA-LLB छठवें सेमेस्टर की दोबारा परीक्षा कराने का फैसला वापस ले लिया है। छात्रों के लगातार विरोध और आंदोलन की चेतावनी के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने री-एग्जाम से जुड़ा नोटिफिकेशन रद्द कर दिया। इस फैसले से छात्रों ने राहत की सांस ली है। दरअसल, विश्वविद्यालय प्रशासन ने हाल ही में BA-LLB छठवें सेमेस्टर की परीक्षा दोबारा आयोजित करने का निर्णय लिया था। छात्रों का कहना था कि री-एग्जाम के लिए उन्हें पर्याप्त समय नहीं दिया गया, जिससे परीक्षा की तैयारी करना संभव नहीं था। इस मुद्दे पर छात्रों ने पहले विभागाध्यक्ष से चर्चा की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकलने पर उन्होंने प्रशासनिक भवन के सामने प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रबंधन को चेतावनी दी थी कि यदि री-एग्जाम का आदेश वापस नहीं लिया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। छात्रों के बढ़ते विरोध को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने आखिरकार री-एग्जाम का नोटिफिकेशन निरस्त करने का फैसला लिया। गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले BA-LLB परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक मामले की जांच के लिए गठित पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने 6 जून को अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपी थी। इसके आधार पर विश्वविद्यालय ने परीक्षा निरस्त कर दोबारा परीक्षा कराने का आदेश जारी किया था। हालांकि, छात्रों के विरोध के बाद अब यह निर्णय वापस ले लिया गया है।