छत्तीसगढ़ में जल्द लागू होगी UCC : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में जल्द ही समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जा सकती है। शुक्रवार को कर्नाटक दौरे के लिए रवाना होने से पहले रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने UCC, पेपर लीक मामले और कांग्रेस के अनिश्चितकालीन धरने समेत कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि उनका कर्नाटक दौरा पूर्व निर्धारित है, जहां वे सत्य साईं ग्राम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों से भी उनकी मुलाकात का कार्यक्रम है।

पेपर लीक मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार इस गंभीर मुद्दे को लेकर पूरी तरह गंभीर है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

वहीं, रायपुर में कांग्रेस के अनिश्चितकालीन धरने पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन सभी का अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता कश्मीर की तरह पत्थरबाजी पर उतर आए हैं। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।