रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस दौरान मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जबकि दक्षिणी क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहेंगी। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस अवधि में पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्सों में बारिश का दौर बना रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून द्रोणिका जैसलमेर, कोटा, गुना, दमोह, डाल्टनगंज और कॉन्टाई होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके साथ ही उत्तर छत्तीसगढ़ के ऊपर सक्रिय विंड शियर जोन भी प्रदेश में वर्षा के लिए अनुकूल परिस्थितियां बना रहा है। राजधानी रायपुर में भी दिनभर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
