नई दिल्ली। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी है। जंतर-मंतर पर आंदोलन का यह 35वां दिन है। इसी बीच आज दोपहर 12:30 बजे CJP प्रतिनिधिमंडल और केंद्र सरकार के बीच अहम बैठक होने वाली है। यह बातचीत दिल्ली के संविधान क्लब में आयोजित की जाएगी। बैठक से पहले CJP ने साफ कर दिया है कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा उसकी प्रमुख मांगों में शामिल है। संगठन का कहना है कि जब तक इस मुद्दे पर ठोस फैसला नहीं होता, तब तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रहेगा।
इस बीच CJP ने आज देशभर में विरोध प्रदर्शन करने का भी ऐलान किया है। दिल्ली के अलावा कई अन्य शहरों में समर्थक सड़कों पर उतरने की तैयारी में हैं। हालांकि जंतर-मंतर पर सुबह स्थिति शांतिपूर्ण रही और बड़ी संख्या में छात्र धरना स्थल पर मौजूद रहे। इससे पहले सरकार और CJP के बीच बातचीत को लेकर दोनों पक्षों में बयानबाजी भी हुई थी। वहीं, सोनम वांगचुक के 26 दिन बाद अनशन खत्म करने के बाद आंदोलन को लेकर नई रणनीति पर चर्चा हो रही है। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने सुरक्षा कारणों से कई स्टेशनों पर पाबंदी जारी रखी है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
