नई दिल्ली। 26 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने आखिरकार अपना अनशन समाप्त कर दिया। गुरुवार देर रात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे, जहां नड्डा ने वांगचुक को जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया। बताया जा रहा है कि सरकार की ओर से कुछ अहम आश्वासनों के बाद यह फैसला लिया गया।
अनशन खत्म करने के बाद वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए बताया कि विभिन्न मुद्दों पर लंबी बातचीत और देश में संभावित तनाव व हिंसा की आशंका को देखते हुए उन्होंने यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक वीडियो जारी कर पूरी बातचीत और शर्तों की जानकारी साझा करेंगे। साथ ही समर्थकों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की हिंसा से दूर रहने की अपील की।
इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने स्पष्ट किया है कि उसका आंदोलन जारी रहेगा। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पूरी होने तक जंतर-मंतर पर प्रदर्शन खत्म नहीं होगा। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का 35वां दिन जारी है और संगठन ने आज देशभर में विरोध प्रदर्शन का भी आह्वान किया है।

