बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र के विद्यानगर इलाके में एक मकान से लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। घर की अलमारी से करीब 14 तोला सोने के गहने गायब मिले हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद तारबाहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, विद्यानगर में रहने वाले अभय अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि वह अपने किराये के मकान में रहते हैं। जब उन्होंने घर की अलमारी खोली तो उसमें रखे सोने के आभूषण गायब मिले। चोरी गए सामान में सोने का नेकलेस, ईयररिंग, चूड़ियां, चेन, अंगूठी और चार पेंडेंट सहित अन्य जेवर शामिल हैं।
आभूषण गायब मिलने के बाद अभय अग्रवाल ने तत्काल तारबाहर थाना पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच के दौरान पुलिस को घर में काम करने वाली महिला पर संदेह हुआ है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि, अभी तक चोरी में उसकी भूमिका की पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद तारबाहर थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने फ्लैट की बारीकी से जांच कर संभावित साक्ष्य जुटाए हैं। इसके अलावा पुलिस अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना के समय घर में आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरी के पीछे की पूरी वजह व आरोपी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

