कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा का पलटवार, किरण सिंहदेव बोले- छात्रों के मुद्दे को राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल किया गया

Follow Us

रायपुर। NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों के समर्थन में कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री आवास के सामने किए गए प्रदर्शन पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कांग्रेस पर छात्रों के आंदोलन का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों के बजाय निजी राजनीतिक स्वार्थ को प्राथमिकता दी गई।

रायपुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय, अखिलेश जैन और अन्य नेताओं की मौजूदगी में कहा कि संसद में पक्ष और विपक्ष के बीच छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा होनी चाहिए थी, लेकिन कांग्रेस ने आंदोलन को अलग दिशा देने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों की चिंताओं से पूरी तरह अवगत हैं। उनके अनुसार, केंद्र सरकार ने परीक्षा दोबारा कराने और पेपर लीक के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का फैसला लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष संसद में बहस के बजाय हंगामा कर रहा है।

किरण सिंहदेव ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान ऐसे नारे और घटनाएं सामने आईं, जिनका छात्रों के मुद्दे से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने कहा कि पत्रकारों पर हमला और प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष चर्चा चाहता है तो उसे संसद में बहस से पीछे नहीं हटना चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को अपने संवैधानिक दायित्वों का पालन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद की कार्यवाही बाधित कर जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा नहीं होने दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं पहले भी विभिन्न सरकारों के दौरान सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी व विश्वसनीय बनाया जाना चाहिए। रायपुर में भाजपा और कांग्रेस के बीच हुए घेराव को लेकर किरण सिंहदेव ने कहा कि भाजपा का प्रदर्शन अनुशासित था। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में पत्थर कैसे पहुंचे। उनका दावा था कि भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से किसी प्रकार की हिंसक घटना नहीं हुई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।