जगदलपुर। बस्तर जिले के कोड़ेनार थाना में पदस्थ महिला आरक्षक तिलेश्वरी साहू को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी आरक्षक पर सीज किए गए ट्रैक्टर को छोड़ने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, सड़क दुर्घटना के एक मामले में कोड़ेनार पुलिस ने एक ट्रैक्टर को जब्त किया था। बाद में न्यायालय ने ट्रैक्टर मालिक बंगालु यादव के पक्ष में सुपुर्दनामा जारी करते हुए वाहन सौंपने का आदेश दिया था। आरोप है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद महिला आरक्षक ट्रैक्टर रिलीज करने के लिए 10 हजार रुपये की मांग कर रही थी।
पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की, जिसके बाद शिकायत का सत्यापन किया गया। सत्यापन में मामला सही पाए जाने पर ACB ने ट्रैप की कार्रवाई की। जैसे ही महिला आरक्षक ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
फिलहाल ACB की टीम आरोपी महिला आरक्षक से पूछताछ कर रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
