ओंटारियो। भारत की युवा स्क्वैश स्टार अनाहत सिंह ने वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश व्यक्तिगत चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। टूर्नामेंट की टॉप सीड अनाहत ने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मलेशिया की डॉयस ये सैन ली को सीधे गेम में हराकर अगले दौर का टिकट हासिल किया। पिछले संस्करण में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली अनाहत ने मुकाबले में शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और अपनी प्रतिद्वंद्वी को 11-4, 11-8 और 11-3 से शिकस्त दी। अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना मिस्र की खिलाड़ी हबीबा रिजक से होगा।
महिला वर्ग में मिस्र की हबीबा रिजक, बेल्जियम की सवाना मोक्सहैम और मलिका एलकाराक्सी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम आठ में जगह बनाई। वहीं पुरुष वर्ग में टॉप सीड मोहम्मद जकारिया ने पाकिस्तान के नौमान खान को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।हालांकि पुरुष वर्ग में भारत के आर्यवीर दीवान को हार का सामना करना पड़ा। एशियाई अंडर-19 चैंपियन आर्यवीर अमेरिका के यासीन शलाबी से सीधे गेम में पराजित हुए। चैंपियनशिप के व्यक्तिगत मुकाबले 20 से 25 जुलाई तक खेले जा रहे हैं, जबकि टीम स्पर्धाएं 26 से 31 जुलाई तक होंगी। भारतीय टीम इस बार भी पदक जीतने की उम्मीद के साथ मैदान में उतरेगी।
