CJP विरोध प्रदर्शन के बीच आलिया भट्ट ने छात्रों का किया समर्थन, बोलीं- ‘दिल टूटा, लेकिन उम्मीद अब भी कायम’

Follow Us

मुंबई। अभिनेत्री आलिया भट्ट ने चल रहे CJP विरोध प्रदर्शन के बीच छात्रों के समर्थन में एक भावुक संदेश साझा किया है। उन्होंने छात्रों के साहस, दृढ़ संकल्प और उनके सपनों के लिए किए जा रहे संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों की घटनाओं ने उनका दिल तोड़ा भी है और उम्मीद भी जगाई है। आलिया भट्ट ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट साझा करते हुए लिखा, “पिछले कुछ दिनों ने मेरा दिल तोड़ा और फिर उम्मीद के साथ उसे बार-बार जोड़ा भी। अपनी बात पर डटे हर छात्र के पीछे एक सपना, परिवार की उम्मीद और अनगिनत त्याग का सफर होता है।”

उन्होंने आगे लिखा कि छात्र केवल अपने लिए नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं जिन्होंने उन पर भरोसा किया है। साथ ही वे आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य का रास्ता भी तैयार कर रहे हैं। आलिया ने कहा कि छात्रों का साहस और दृढ़ संकल्प समाज के लिए एक आईना है, जो यह सवाल पूछता है कि क्या हम सच में देश के भविष्य को आकार देने वाली आवाज़ों को सुन रहे हैं। अपने संदेश के अंत में उन्होंने लिखा, “छात्रों के लिए। छात्रों द्वारा। भविष्य उन्हीं का है। जय हिंद।”

गौरतलब है कि CJP विरोध प्रदर्शन को लेकर कई बॉलीवुड सितारे छात्रों के समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। इससे पहले अभिनेता सलमान खान ने भी सोशल मीडिया पर छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन की सराहना की थी। उन्होंने कहा था कि पेपर लीक जैसे मुद्दे गंभीर हैं और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे छात्रों का शांतिपूर्ण आंदोलन सराहनीय है। साथ ही उन्होंने प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की थी।