बालोद में शिक्षक पर छात्र से मारपीट का आरोप, 1 मिनट लेट आने पर 12 वर्षीय बच्चे को पीटा

Follow Us

बालोद। जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र स्थित एक मिडिल स्कूल में शिक्षक द्वारा 12 वर्षीय छात्र से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि शॉर्ट रिसेस के बाद छात्र के एक मिनट देर से कक्षा में पहुंचने पर शिक्षक ने पहले गाली-गलौज की और फिर उसकी पिटाई कर दी। घटना में छात्र के सिर में चोट आई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार, कक्षा 7वीं में पढ़ने वाला छात्र शॉर्ट रिसेस के बाद निर्धारित समय से करीब एक मिनट देरी से क्लास में पहुंचा था। इस बात से नाराज शिक्षक लोकेश्वर निषाद ने कथित तौर पर छात्र के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की। पिटाई में छात्र के सिर पर चोट लगने से उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कर उपचार कराया गया।

घटना के बाद छात्र के परिजनों ने डौंडीलोहारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शिक्षक लोकेश्वर निषाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 296 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद स्कूल के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।