भिलाई में दर्दनाक सड़क हादसा: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, दो युवकों की मौत

Follow Us

दुर्ग। भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू रोड पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुआ। कार सेक्टर-9 से सेक्टर-6 की ओर जा रही थी, तभी सेंट्रल एवेन्यू रोड पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार पेड़ से जा भिड़ी।

इस हादसे में 23 वर्षीय दीपक गुप्ता और 15 वर्षीय कौशिक दास की मौत हुई है। दोनों भिलाई के सेक्टर-6 के निवासी थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए, जिससे परिवार में शोक का माहौल है।

फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। वहीं, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।