नीट पेपर लीक केस: पीएम मोदी का बड़ा कदम, फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई; दोषियों पर सख्त कार्रवाई का ऐलान

Follow Us

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि, छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। मामले की जल्द सुनवाई और दोषियों को सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि, पेपर लीक जैसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि, मामले से जुड़े प्रकरणों का तेजी से निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि छात्रों के हितों की रक्षा हो सके।

नीट पेपर लीक को लेकर देशभर में छात्रों और विपक्षी दलों की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे थे। इसी बीच सरकार की ओर से यह कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि, युवाओं के सपनों और मेहनत के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार का कहना है कि, फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए मामलों की सुनवाई में तेजी आएगी और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई जल्द पूरी हो सकेगी। इस फैसले को पेपर लीक जैसी घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।