राजीव भवन के बाहर गरमाई सियासत: भाजपा-कांग्रेस में तीखी भिड़ंत, कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन के बाहर हुए राजनीतिक टकराव ने प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे घटनाक्रम को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने प्रेस वार्ता में कहा कि भाजपा का प्रदर्शन विरोध तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ने के दौरान तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।

कांग्रेस का दावा है कि, इस दौरान पत्थरबाजी, लाठी और अन्य वस्तुओं का इस्तेमाल किया गया, जिससे कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हुए। पार्टी का आरोप है कि, हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन का उपयोग किया, जिसमें महिला कार्यकर्ताओं समेत कई लोग प्रभावित हुए। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि, पुलिस की कार्रवाई निष्पक्ष नहीं रही और भाजपा की तुलना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अधिक सख्ती बरती गई।

पार्टी ने कहा कि, प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार के कई मंत्री भी मौजूद थे, ऐसे में उनसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपेक्षा थी। कांग्रेस ने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पार्टी ने स्पष्ट किया कि, वह इस मुद्दे को लोकतांत्रिक तरीके से आगे भी उठाती रहेगी।