छत्तीसगढ़ में मानसून का कहर जारी: अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में जनजीवन प्रभावित

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार तेज बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बुधवार को दिनभर झमाझम बारिश से मौसम सुहावना रहा, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से बने मजबूत सिस्टम के कारण अगले दो दिनों तक प्रदेश में भारी से अति-भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

आज कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कबीरधाम, मुंगेली, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में सूरजपुर में सबसे अधिक 190 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि अंबिकापुर में 100 मिमी और रायपुर में 80 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मानसून सीजन में अब तक सारंगढ़ सबसे अधिक 613 मिमी बारिश के साथ प्रदेश में शीर्ष पर है। वहीं मुंगेली, जांजगीर और बिलासपुर में भी सामान्य से ज्यादा वर्षा हुई है। इसके बावजूद राज्य के 11 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।