रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा कांग्रेस कार्यालय के घेराव को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में राहुल गांधी के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय पर सुनियोजित हमला किया। बैज ने कहा कि यह कोई लोकतांत्रिक प्रदर्शन नहीं, बल्कि कांग्रेस कार्यालय पर आक्रमण था। दीपक बैज ने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ता लाठी, डंडे और पत्थर लेकर कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पत्थरबाजी की गई, जिससे तनाव की स्थिति बन गई।
उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा के प्रदर्शन में राज्य सरकार के छह मंत्री भी शामिल थे। बैज के अनुसार, मंत्रियों की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखना है, लेकिन वे खुद उकसाऊ भाषण देते नजर आए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी घटना के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए। बैज ने कहा कि भाजपा का यह कार्यक्रम लोकतांत्रिक विरोध नहीं, बल्कि कांग्रेस कार्यालय पर हमला था और इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए।
