कोरबा में बांगो बांध का जलस्तर बढ़ा, गेट खोलने की तैयारी; नदी किनारे के गांवों में अलर्ट जारी

Follow Us

कोरबा। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए जल संसाधन विभाग ने वर्षाकाल 2026 के लिए अलर्ट जारी करते हुए हसदेव नदी के किनारे बसे गांवों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

जल संसाधन विभाग के अनुसार, बांगो जलाशय का वर्तमान जलस्तर 354.61 मीटर (71.67 प्रतिशत) तक पहुंच गया है। यदि जलस्तर 359.66 मीटर तक पहुंचता है, तो बांध के गेट खोलकर हसदेव नदी में पानी छोड़ा जाएगा।

कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने बताया कि संभावित बाढ़ को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों, खनिज खदानों, औद्योगिक इकाइयों, ठेकेदारों और अन्य संबंधित संस्थानों को अपनी चल-अचल संपत्तियां सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अचानक आई बाढ़ से होने वाले नुकसान के लिए विभाग जिम्मेदार नहीं होगा।

प्रशासन ने बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, जूनापारा, तिलाईडांड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला सहित अन्य गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क करने के निर्देश जारी किए हैं।