रायपुर के गोलबाजार थाने में ई-मालखाना शुरू, जब्त संपत्तियों का होगा डिजिटल और पारदर्शी प्रबंधन

Follow Us

रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट के मध्य जोन अंतर्गत गोलबाजार थाने में गुरुवार को ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ किया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले ने इसका उद्घाटन किया। इससे पहले कमिश्नरेट रायपुर में ई-मालखाना की शुरुआत थाना कोतवाली से की गई थी।

ई-मालखाना प्रणाली के माध्यम से पुलिस अभिरक्षा में रखी जाने वाली जब्त संपत्तियों और माल-मशरूका का रखरखाव अब अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और तकनीक आधारित तरीके से किया जाएगा। इस व्यवस्था से अपराधों और अन्य मामलों में जब्त किए गए सामान का सुरक्षित एवं वैज्ञानिक प्रबंधन सुनिश्चित होगा।

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (मध्य) पटेल, गोलबाजार थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी सहित थाना का समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। नई प्रणाली के तहत जब्त संपत्तियों की डिजिटल एंट्री और रिकॉर्ड संधारित किए जाएंगे, जिससे उनकी ‘चेन ऑफ कस्टडी’ स्पष्ट और सुरक्षित बनी रहेगी। इसके साथ ही जब्त माल की स्थिति, विवरण और संबंधित प्रकरण की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी, जिससे न्यायालयीन प्रक्रिया में भी पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी।

पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए चरणबद्ध तरीके से अन्य थानों में भी ई-मालखाना प्रणाली शुरू की जाएगी। यह पहल पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और नागरिक हितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।