15 घंटे की तलाश के बाद आगर नदी में मिला 8 वर्षीय कमलेश का शव, नदी पार करते समय बह गया था मासूम

Follow Us

कवर्धा। कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के लोखान गांव से लापता हुए 8 वर्षीय बालक कमलेश तिलगाम का शव आखिरकार 15 घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद आगर नदी से बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को कमलेश अपने दोस्तों के साथ खेलने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान कड़मा नदी पार करते समय वह तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी थी।

लगातार चलाए गए सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार को घटनास्थल से करीब 7 किलोमीटर दूर कमड़ा गांव के पास आगर नदी में झाड़ियों के बीच कमलेश का शव मिला। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल कुकदूर थाना पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। मासूम की मौत से गांव में शोक का माहौल है।