रायपुर। दिल्ली में राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं द्वारा PM आवास घेराव के विरोध में आज छत्तीसगढ़ भाजपा ने कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन का घेराव करने का ऐलान किया है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू किया।
घेराव कार्यक्रम में डिप्टी सीएम अरुण साव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव समेत कई मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। डिप्टी सीएम अरुण साव ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे देश में अर्बन नक्सल को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं। वहीं, किरण सिंहदेव ने कहा कि राहुल गांधी ने PM आवास के बाहर पहुंचकर राजनीति करने की कोशिश की।
भाजपा के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। राजीव भवन जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है और ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन की एडवाइजरी जारी की है।
इधर, भाजपा के घेराव के जवाब में कांग्रेस ने भी प्रदर्शन की तैयारी की है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शंकर नगर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचने का संदेश जारी किया गया है। अंबेडकर चौक पर आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ता राजीव भवन पहुंचेंगे।
