बिलासपुर। NEET पेपर लीक मामले और छात्रों के आंदोलन पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) ने प्रदर्शन किया। संगठन ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को भंग करने और छात्रों पर कार्रवाई रोकने की मांग की। AIDSO के पदाधिकारियों ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया।
संगठन का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान छात्र-छात्राओं, महिलाओं और बुजुर्गों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। AIDSO ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में कथित भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करने के बजाय छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। AIDSO पदाधिकारियों ने कहा कि छात्रों को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा और इसे देशभर में और व्यापक किया जाएगा। संगठन ने केंद्र सरकार से NEET व्यवस्था में सुधार और छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।

