लंदन। इंग्लैंड के युवा स्टार फुटबॉलर मॉर्गन रोजर्स ने अपने करियर की सबसे बड़ी छलांग लगाते हुए चेल्सी फुटबॉल क्लब का दामन थाम लिया है। प्रीमियर लीग क्लब चेल्सी ने एस्टन विला से 23 वर्षीय अटैकिंग मिडफील्डर को करीब 117 मिलियन पाउंड की रिकॉर्ड डील में शामिल किया है। इसके साथ ही रोजर्स सबसे महंगे ब्रिटिश फुटबॉलर बन गए हैं। रोजर्स ने चेल्सी के साथ साल 2033 तक का सात वर्षीय करार किया है।
क्लब से जुड़ने के बाद उन्होंने कहा कि चेल्सी उनके बचपन से पसंदीदा क्लबों में से एक रहा है और वह नई टीम व प्रोजेक्ट को लेकर बेहद उत्साहित हैं। एस्टन विला के लिए खेलते हुए रोजर्स ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 85 प्रीमियर लीग मुकाबलों में गोल और असिस्ट मिलाकर 40 गोल में योगदान दिया। उनके बेहतरीन प्रदर्शन ने विला को पिछले सीजन में शीर्ष चार में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। रोजर्स के लिए आर्सेनल भी दिलचस्पी दिखा रहा था, लेकिन भारी ट्रांसफर फीस के कारण यह सौदा पूरा नहीं हो सका। अब चेल्सी की नई उम्मीदों के साथ रोजर्स स्टैमफोर्ड ब्रिज पर अपनी नई पारी शुरू करेंगे।
