‘इशी मां’ से मिलने पहुंचीं रुहानिका धवन, दिव्यांका त्रिपाठी के जुड़वा बेटों को गोद में लेकर हुईं भावुक

Follow Us

मुंबई। टीवी इंडस्ट्री की चर्चित ऑन-स्क्रीन मां-बेटी की जोड़ी दिव्यांका त्रिपाठी और रुहानिका धवन एक बार फिर सुर्खियों में है। सीरियल ‘ये हैं मोहब्बतें’ में ‘इशी मां’ और ‘रुही’ के किरदार से दर्शकों का दिल जीतने वाली दोनों एक्ट्रेसेस का रिश्ता शो खत्म होने के सालों बाद भी बेहद खास बना हुआ है। हाल ही में रुहानिका धवन अपनी ‘इशी मां’ यानी दिव्यांका त्रिपाठी से मिलने उनके घर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने दिव्यांका, उनके पति विवेक दहिया और उनके जुड़वा बेटों के साथ खास पल बिताए। मुलाकात की तस्वीरें रुहानिका ने सोशल मीडिया पर शेयर कीं, जो अब तेजी से वायरल हो रही हैं।

तस्वीरों में रुहानिका धवन दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया के साथ नजर आ रही हैं। वहीं, वह उनके जुड़वा बेटों को गोद में लिए काफी खुश दिखाई दे रही हैं। इन तस्वीरों ने ‘ये हैं मोहब्बतें’ के फैंस को शो के पुराने दिनों की याद दिला दी। रुहानिका ने पोस्ट शेयर करते हुए एक भावुक कैप्शन लिखा। उन्होंने कहा कि दिव्यांका की बेटी का किरदार निभाने से लेकर अब उनकी ‘इशिमा’ के बच्चों को गोद में लेने तक का सफर उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने दिव्यांका और विवेक को तीन बच्चों का आशीर्वाद मिलने की बात कहते हुए दोनों को बेहतरीन माता-पिता बताया।

वहीं, दिव्यांका त्रिपाठी ने भी रुहानिका की पोस्ट पर प्यार भरा जवाब दिया। उन्होंने लिखा कि रुहानिका ने ही उन्हें मम्मी बनना सिखाया था और अब उनके बच्चे अपनी ‘रू दी’ से बहुत कुछ सीखेंगे। बता दें कि दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया ने हाल ही में माता-पिता बनने की खुशी साझा की है। शादी के करीब दस साल बाद दिव्यांका ने जुड़वा बेटों को जन्म दिया। दोनों सितारे सोशल मीडिया और अपने व्लॉग के जरिए अपने जीवन के खास पलों की झलक फैंस के साथ शेयर करते रहते हैं।