मोहला-मानपुर। जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में एक दो साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। स्कूल बस की चपेट में आने से बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। घटना मानपुर ब्लॉक के खड़गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोटिया की है। जानकारी के अनुसार, बच्चों को स्कूल ले जाने के लिए फ्लॉवर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस गांव पहुंची थी। इसी दौरान बस की चपेट में आने से दो वर्षीय युवानसी नरेटी की मौत हो गई।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोहला भेजा गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस फरार बस चालक की तलाश में जुटी हुई है।

