CJP प्रोटेस्ट लाठीचार्ज मामले में सुप्रीम कोर्ट का तत्काल सुनवाई से इनकार, CJI सूर्यकांत बोले- वीडियो देखने का समय नहीं

Follow Us

नई दिल्ली। CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के संसद मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस की कार्रवाई और लाठीचार्ज मामले में सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया है। याचिकाकर्ता के वकील ने पुलिस कार्रवाई से जुड़े वीडियो देखने और मामले में स्वत: संज्ञान (सुओ मोटो) लेने की मांग की थी, लेकिन मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने इस पर तत्काल सुनवाई करने से मना कर दिया। मामले की सुनवाई के दौरान वकील ने अदालत को बताया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बरती और इससे जुड़े कई वीडियो उपलब्ध हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से अनुरोध किया कि न्यायालय वीडियो देखकर मामले का संज्ञान ले।

इस पर CJI सूर्यकांत ने कहा कि अदालत के पास वीडियो देखने का समय नहीं है। उन्होंने वकील से कहा कि कोर्ट का समय बर्बाद न करें और अपना समय भी बर्बाद न करें। वकील ने अपनी दलील में कहा कि प्रदर्शनकारी छात्र NEET परीक्षा व्यवस्था में सुधार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने जैसी मांगें उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। अदालत के रुख के बाद अब याचिकाकर्ता को आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनानी होगी।