रायपुर में युवक की संदिग्ध मौत, महिला थाना के पास खून से लथपथ मिला शव; हत्या की आशंका

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह महिला थाना के पास एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिसके चलते पुलिस हत्या की आशंका के एंगल से जांच कर रही है। मृतक की पहचान नेहरू नगर निवासी प्रकाश के रूप में हुई है। राहगीरों की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई। जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि होगी। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सिर पर मिले चोट के निशान हत्या की ओर इशारा करते हैं, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।