छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल, 10 ASP-DSP की सूची जारी

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर बदलाव करते हुए एएसपी और डीएसपी रैंक के अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सूची जारी की है। जारी आदेश में कुल 10 पुलिस अधिकारियों के नाम शामिल हैं। इन अधिकारियों को अलग-अलग जिलों से स्थानांतरित कर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) रायपुर में पदस्थ किया गया है। जारी सूची के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) नीतेश कुमार गौतम, जो वर्तमान में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में पदस्थ थे, उन्हें अब एसीबी-ईओडब्ल्यू रायपुर में प्रतिनियुक्त किया गया है।

इसके अलावा डीएसपी स्तर के कई अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीएसपी सिद्धांत तिवारी को रायगढ़ से एसीबी-ईओडब्ल्यू रायपुर भेजा गया है। वहीं डीएसपी मंजुलता राठौर को गरियाबंद से एसीबी-ईओडब्ल्यू रायपुर में पदस्थ किया गया है। डीएसपी राजेश कुमार झा, जो बेमेतरा में पदस्थ थे, उन्हें भी एसीबी-ईओडब्ल्यू रायपुर में नई जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह डीएसपी दीपमाला कुर्रे को बस्तर से, डीएसपी मोनिका श्याम को सुकमा से और डीएसपी रोशन आहुजा को बीजापुर से एसीबी-ईओडब्ल्यू रायपुर भेजा गया है।

इसके अलावा डीएसपी रविकांत सहारे को सुकमा से तथा डीएसपी एलेक्जेंडर किरो को राजनांदगांव से एसीबी-ईओडब्ल्यू रायपुर में प्रतिनियुक्त किया गया है। पुलिस विभाग द्वारा यह बदलाव प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए किया गया है। एसीबी और ईओडब्ल्यू में अधिकारियों की नई तैनाती से जांच और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की कार्रवाई को और मजबूत करने की दिशा में कदम माना जा रहा है। प्रतिनियुक्त किए गए अधिकारियों को जल्द ही नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए जाने की संभावना है। पुलिस विभाग में इस फेरबदल को महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।