कांकेर। कांकेर जिले की भानुप्रतापपुर पुलिस ने निवेश पर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर दो लाख रुपये से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने व्यवसाय में निवेश कराने के नाम पर पीड़िता से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए ₹2,00,018 की राशि हासिल की थी। तय समय पर रकम वापस नहीं लौटाने और फरार हो जाने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना भानुप्रतापपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी प्रीतेश कुमार मोटघरे ने उसे अपने व्यवसाय में निवेश करने पर अधिक मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने विश्वास में लेकर कई किश्तों में कुल ₹2,00,018 अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। शुरुआत में आरोपी लगातार संपर्क में रहा और जल्द ही मोटा लाभ दिलाने का आश्वासन देता रहा, लेकिन तय समय बीतने के बाद जब पीड़िता ने अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपी ने मोबाइल फोन बंद कर लिया और अपने निवास से फरार हो गया।
शिकायत मिलने के बाद 17 जुलाई 2026 को थाना भानुप्रतापपुर में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल और एसडीओपी शेरबहादुर सिंह ठाकुर के निर्देशन में थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की लोकेशन और गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार उसकी तलाश की गई। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी घटना के बाद अपना ठिकाना बदलकर रायपुर में छिपकर रह रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने रायपुर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने निवेश के नाम पर रकम लेकर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रीतेश कुमार मोटघरे (39 वर्ष), पिता रमेश कुमार मोटघरे, निवासी हाउसिंग बोर्ड, भिलाई (जिला दुर्ग) एवं वर्तमान पता अटल आवास रोड, आमानाका, रायपुर के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में एएसआई शिवचरण मरकाम, आरक्षक राकेश मरकाम, टोमन साहू और अजय मंडावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अधिक मुनाफा, पैसा दोगुना करने या आकर्षक निवेश योजनाओं के झांसे में आने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध निवेश योजना, साइबर ठगी या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस की अपराध हेल्पलाइन 94791-55125 पर दें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
