मुंबई। अभिनेता कार्तिक आर्यन ने अपना पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने के बाद उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन किए। अभिनेता ने मंदिर परिसर से अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, जिसमें वह हाथ जोड़कर भगवान महाकाल की आराधना करते नजर आ रहे हैं। कार्तिक आर्यन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर तस्वीर पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, “जय महाकाल”। उनकी यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और फैंस ने उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने पर बधाई दी।
हाल ही में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का ऐलान किया गया, जिसमें कार्तिक आर्यन को फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ में शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (Best Actor) का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। यह उनके करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड है। कार्तिक की पोस्ट पर फैंस लगातार कमेंट कर रहे हैं। किसी ने उन्हें “नेशनल अवॉर्ड विनर कार्तिक” कहा, तो कई यूजर्स ने “जय महाकाल” लिखते हुए शुभकामनाएं दीं। फैंस ने उनके अभिनय और सफलता की भी जमकर सराहना की।
फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ में कार्तिक आर्यन ने भारत के पहले पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाया था। इस भूमिका के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की और खास बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन भी किया। फिल्म का निर्देशन कबीर खान ने किया था। वर्कफ्रंट की बात करें तो कार्तिक आर्यन इन दिनों अपनी आगामी फिल्मों ‘नागजिला’ और ‘कैप्टन इंडिया’ की तैयारियों में व्यस्त हैं।

