एक्वाकल्चर-तंबाकू किसानों को केंद्र का भरोसा: पीयूष गोयल बोले- बेहतर दाम और निर्यात बढ़ाना हमारी प्राथमिकता

Follow Us

नई दिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि, केंद्र सरकार एक्वाकल्चर और तंबाकू किसानों की आय बढ़ाने तथा उनके उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने आंध्र प्रदेश के एक्वाकल्चर और तंबाकू उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर किसानों को उचित मूल्य, बेहतर बाजार और निर्यात के नए अवसर उपलब्ध कराने पर चर्चा की।

पीयूष गोयल ने कहा कि, एक्वाकल्चर भारत की तटीय अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा है और इससे लाखों लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। सरकार इस क्षेत्र को मजबूत बनाकर निर्यात बढ़ाने और किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में कई केंद्रीय और राज्य स्तरीय नेता भी मौजूद रहे।

इस दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी केंद्र से किसानों के हित में कई मांगें रखीं। उन्होंने झींगा चारा बनाने के लिए जीएम सोयाबीन मील के आयात की अनुमति, फिश मील के निर्यात को संतुलित करने, तंबाकू निर्यात को प्रोत्साहन देने, एक्वाकल्चर से जुड़े उत्पादों पर जीएसटी कम करने और अमरावती में राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (NFDB) का क्षेत्रीय कार्यालय खोलने का आग्रह किया। सरकार ने किसानों के हितों पर सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया।