पेरिस के बाद दमदार वापसी को तैयार साजन प्रकाश, अब कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में पदक जीतने का लक्ष्य

Follow Us

नई दिल्ली। पेरिस ओलंपिक के बाद कुछ समय का ब्रेक लेने वाले भारत के अनुभवी तैराक साजन प्रकाश अब एक बार फिर पूल में वापसी के लिए तैयार हैं। उनका लक्ष्य आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में भारत के लिए पदक जीतना है। साजन का कहना है कि ब्रेक ने उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाया है, जिससे अब वह नई ऊर्जा के साथ प्रतिस्पर्धा में लौट रहे हैं। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) से बातचीत में साजन ने बताया कि लगातार वर्षों तक कड़ी ट्रेनिंग और प्रतियोगिताओं के कारण शरीर को आराम देना भी उतना ही जरूरी है जितना अभ्यास करना। उन्होंने कहा कि रिकवरी ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया है।

32 वर्षीय साजन अब अपनी पूरी तैयारी 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा पर केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने अपने पूर्व साथी और एशियन गेम्स पदक विजेता संदीप सेजवाल को कोच बनाया है, जिनके साथ मिलकर वे नई रणनीति पर काम कर रहे हैं। साजन का मानना है कि, कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में जीत और हार का फैसला कुछ सेकंड में होता है। इसलिए उनका पूरा ध्यान फिटनेस, तकनीक और छोटी-छोटी गलतियों को सुधारने पर है। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका पूरा फोकस इन दोनों बड़े टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर भारत के लिए पदक जीतने पर है।