अनशन के बीच सोनम वांगचुक की तबीयत पर डॉक्टरों की नजर, ब्लड शुगर कम लेकिन हालत स्थिर

Follow Us

नई दिल्ली। लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर डॉक्टरों ने नया अपडेट जारी किया है। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती वांगचुक की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है, लेकिन चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। अस्पताल की हेल्थ रिपोर्ट के अनुसार, उनके जरूरी स्वास्थ्य मानक सामान्य हैं, हालांकि लंबे समय से जारी अनशन के कारण ब्लड शुगर का स्तर कम बना हुआ है। जांच में पोटैशियम का स्तर भी सामान्य से नीचे पाया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि उनमें पैनसाइटोपीनिया के संकेत भी हैं, जिसमें खून की प्रमुख कोशिकाओं की संख्या प्रभावित होती है।

चिकित्सकों के मुताबिक, वांगचुक को शरीर में पानी और पोषक तत्वों की कमी को नियंत्रित करने के लिए ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ORS) और पोटैशियम सप्लीमेंट दिया जा रहा है। हालांकि, डॉक्टरों की सलाह के बावजूद उन्होंने नसों के जरिए ग्लूकोज और तरल पदार्थ लेने से इनकार किया है।अस्पताल प्रशासन ने कहा कि, उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और नियमित जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम उनके इलाज और निगरानी में जुटी हुई है।