नई दिल्ली। दिल्ली में संसद मार्च के बाद हटाए गए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ता एक बार फिर जंतर-मंतर पर जुट गए हैं। सोमवार देर रात प्रदर्शनकारियों ने दोबारा मंच तैयार कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने साफ कहा कि, आंदोलन तब तक नहीं रुकेगा, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते। दीपके ने घोषणा की कि, मंगलवार को भी संसद मार्च निकाला जाएगा और छात्र-युवा अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन जारी रखेंगे। उनका कहना है कि सरकार को युवाओं के मुद्दों पर जवाब देना होगा।
इधर, CJP के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। संगठन के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि सरकार ने पहली बार आंदोलनकारियों को बातचीत के लिए बुलाया है, जिसे उन्होंने आंदोलन की बड़ी सफलता बताया। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि, प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई ने सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं।
उधर, दिल्ली पुलिस ने राजधानी में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण ढंग से विरोध करने और कानूनी निर्देशों का पालन करने को कहा है। साथ ही लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की भी अपील की गई है।
