संसद मार्च पर बवाल: लाठीचार्ज के बाद दिल्ली पुलिस की एफआईआर,सोनम वांगचुक बोले-‘अनशन नहीं तोड़ूंगा’

Follow Us

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान हुए हंगामे के बाद दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, जिसके बाद लाठीचार्ज की घटनाएं सामने आईं। इस कार्रवाई को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि छात्रों और युवाओं के साथ अत्यधिक बल प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलता, वह अपना अनशन समाप्त नहीं करेंगे।

वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया कि पुलिस कार्रवाई में एक युवती गंभीर रूप से घायल हुई है और उसका इलाज राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं के खिलाफ इतनी सख्त कार्रवाई क्यों की गई।

इस बीच CJP के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। सूत्रों के मुताबिक, बातचीत के दो दौर हुए, लेकिन सरकार की ओर से किसी मांग पर स्पष्ट आश्वासन नहीं मिला। हालांकि, प्रतिनिधियों ने इसे आंदोलन की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि सरकार पहली बार औपचारिक बातचीत के लिए आगे आई है। उधर, किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।