BMW की टक्कर से बुलेट सवार युवक की मौत, चालक की तलाश जारी

Follow Us

चंडीगढ़। चंडीगढ़ में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना ट्रिब्यून चौक के पास हुई, जहां एक बुलेट मोटरसाइकिल और BMW कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस स्टेशन 31 के SHO हरि ओम शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 6:45 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि ट्रिब्यून चौक के पास बुलेट मोटरसाइकिल और BMW के बीच गंभीर दुर्घटना हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया।

SHO के अनुसार,
अस्पताल में इलाज के दौरान घायल युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रथम के रूप में हुई है। वह करीब 23 वर्ष के थे और पंचकूला स्थित एक IT कंपनी में कार्यरत थे। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और दुर्घटना में शामिल BMW चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि हादसे की सही वजह और वाहन चालक की पहचान की जा सके।

प्रारंभिक जांच में पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि टक्कर किस परिस्थिति में हुई और क्या वाहन तेज रफ्तार या लापरवाही से चलाया जा रहा था। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।