नई दिल्ली। तमिलनाडु के तीन छात्रों ने ऐसा इनोवेशन कर दिखाया है, जो खेल की दुनिया में सुरक्षा का नया विकल्प बन सकता है। सोना कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी के छात्रों ने एक खास स्पोर्ट्स टी-शर्ट तैयार की है, जो तेज रफ्तार गेंद या अचानक लगने वाले झटके से खिलाड़ियों को होने वाली चोट के खतरे को कम करने में मदद करती है।
बीटेक फैशन टेक्नोलॉजी के छात्र नंदीश्वर एम., जी. सरन और सुष्मिता के.एस. ने इस तकनीक के जरिए ‘संरचना डिजाइन इनोवेशन हैकाथॉन’ में पहला स्थान हासिल किया। कपड़ा मंत्रालय की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से 700 से अधिक प्रोजेक्ट शामिल हुए थे। विजेता टीम को एक लाख रुपये का पुरस्कार मिला।
इस स्मार्ट टी-शर्ट में शियर-थिकनिंग फ्लूइड (STF) से बनी विशेष सुरक्षा परत लगाई गई है। यह सामान्य समय में लचीली रहती है, लेकिन तेज झटका लगते ही सख्त होकर शरीर को सुरक्षा प्रदान करती है। यह तकनीक क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल और गोल्फ जैसे खेलों में उपयोगी साबित हो सकती है। छात्रों का लक्ष्य ऐसा हल्का और आरामदायक स्पोर्ट्स वियर बनाना है, जो खिलाड़ियों को बेहतर सुरक्षा दे सके। कॉलेज प्रशासन ने इस उपलब्धि को तकनीकी शिक्षा और नवाचार की बड़ी सफलता बताया है।
