नई दिल्ली। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत 20 और 21 जुलाई को ब्रिक्स अभियोजन सेवा प्रमुखों की 8वीं बैठक का आयोजन किया जा रहा है। वर्चुअल माध्यम से हो रही इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता भारत के महान्यायवादी आर. वेंकटरमणी कर रहे हैं, जिसमें ब्रिक्स देशों के अभियोजन सेवा प्रमुख हिस्सा ले रहे हैं।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आपराधिक न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाना है। इसमें डिजिटल न्याय व्यवस्था, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के उपयोग, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के प्रबंधन और समय पर न्याय दिलाने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान यह बैठक सहयोग, नवाचार और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। सदस्य देश आपराधिक मामलों की जांच, अभियोजन प्रक्रिया में सुधार और न्याय प्रणाली को पीड़ित केंद्रित बनाने के अपने अनुभव साझा करेंगे।
बैठक में साइबर अपराध, सीमा पार वित्तीय अपराध और पर्यावरण से जुड़े अपराधों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने पर भी विचार होगा। इसके अलावा आपसी कानूनी सहायता, साक्ष्य साझा करने और अधिकारियों के प्रशिक्षण के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने पर चर्चा की जाएगी। भारत का लक्ष्य ब्रिक्स देशों के बीच मजबूत न्यायिक सहयोग स्थापित करना है, जिससे वैश्विक स्तर पर तेज, निष्पक्ष और आधुनिक न्याय व्यवस्था को बढ़ावा मिल सके।
