कोरिया। जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। दूसरे जाति में प्रेम विवाह करने से नाराज होकर कुछ लोगों पर एक गर्भवती महिला को ससुराल से जबरन उठाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने गर्भपात कराने की नीयत से उसे जबरन दवा खिलाने का प्रयास भी किया।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 5 जुलाई और 10 जुलाई को सिटी कोतवाली बैकुंठपुर में आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी रमेश टेकाम और दरोगा सिंह के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी घटना के बाद करीब 14 दिनों तक फरार थे। इसके बाद कोरिया पुलिस ने उन्हें सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को बैकुंठपुर लाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पीड़िता के पति ने बताया कि कोर्ट मैरिज के बाद दोनों साथ रह रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग जबरन उनके घर पहुंचे और महिला को अपने साथ ले गए। पति का आरोप है कि इसके बाद महिला के साथ दुष्कर्म किया गया। महिला गर्भवती है और आरोपियों द्वारा गर्भपात कराने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। वहीं पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
