रायगढ़। जिले में अवैध जुआ के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत छाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुए के पांच फड़ों पर दबिश देकर 33 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 90 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति, 57,140 रुपये नकद और पांच गैस लाइट जब्त की गई हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में रायगढ़-कोरबा सीमा पर स्थित ग्राम धसकामुड़ा के मेला स्थल के बाहर संचालित जुए के अड्डों पर छापा मारा गया। पुलिस ने मौके से एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक किआ और एक ऑल्टो कार भी जब्त की है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र के निवासी हैं, जो धसकामुड़ा बस्ती के बाहरी इलाके में बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे थे। मुखबिर से सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया।
छाल पुलिस ने सभी 33 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत अलग-अलग पांच प्रकरण दर्ज किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने इस कार्रवाई को जिले में अवैध जुआ गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता बताया है।
